जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पहला हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के सागरपाड़ा स्थित चंबल पुल के पास हुआ। जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय मोती कटरा आगरा निवासी देव कौशिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। दूसरा हादसा सदर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास हुआ, जहां सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के प्रयास में निजी एंबुलेंस पलट गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। आगरा से तीन दोस्त बाइक से चंबल घूमने आए थे। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर चंबल पुल के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। जिसमें में मोती कटरा आगरा निवासी 20 वर्षीय देव कौशिक पुत्र मोहन बाबू कौशिक की मौत हो गई। वहीं कृष्णा (18) पुत्र पप्पू और कान्हा (23) पुत्र किशन घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सागरपाड़ा चौकी के एएसआई मनोज ने बताया कि चंबल पुल के पास तीनों चंबल नदी देखने के लिए आगरा से आए थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे जहां मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। बच्ची को जयपुर ले जा रही एंबुलेंस पलटी, चालक की मौत... दूसरा हादसा सदर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 बी पर चांदपुर गांव के पास हुआ। यहां सड़क पर अचानक जानवर आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में निजी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस चालक शंकर कश्यप पुत्र रमजी निवासी ओंडेला थाना सदर धौलपुर की मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस में सवार दो वर्षीय बच्ची मधु और उसके 45 वर्षीय पिता दशरथ घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बसई नवाब थाना क्षेत्र के बरीपुरा गांव निवासी दशरथ अपनी दो वर्षीय बेटी मधु को इलाज के लिए जयपुर लेकर जा रहे थे। बच्ची को धौलपुर के निजी अस्पताल से जयपुर रेफर किया गया था। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वही मृतक चालक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।