झालावाड़| शहर की संकल्प एकेडमी में 27 हजार हनुमान चालीसा पाठ के महानुष्ठान का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ। पहले दिन विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए सामूहिक रूप से 5760 हनुमान चालीसा पाठ किए। 288 विद्यार्थियों और अभिभावकों की सहभागिता से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय हो उठा। नौ दिन तक चलने वाले इस अनुष्ठान का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ युवाओं में संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा रहे। उनके साथ समाजसेवी मनोज शर्मा, भारत विकास परिषद अध्यक्ष सीताराम पाटीदार, पॉलिटेक्निक कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. राजुल गोयल, लॉयंस क्लब अध्यक्ष प्रवीण भाटिया, भारत विकास परिषद के जितेंद्र दाधीच, पर्वतारोही विक्रम टांक, कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य चारुलता और जनशिक्षण संस्थान झालावाड़ के अध्यक्ष उदयभान सिंह सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। आयोजन में विद्यार्थियों की भागीदारी ने धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का संदेश दिया। आयोजकों की ओर से निर्धारित लक्ष्य के तहत आगामी दिनों में भी पाठ का क्रम जारी रहेगा। नौ दिन तक चलेगा पाठ, दशमी को हवन- महानुष्ठान के तहत निर्धारित लक्ष्य 27 हजार हनुमान चालीसा पाठ पूरे करने के लिए अगले दिनों में भी सामूहिक पाठ किए जाएंगे। आयोजन का समापन दशमी के दिन हवन के साथ होगा। यह पहल सामूहिक सहभागिता, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सद्भाव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की जा रही है।