टोंक नगर परिषद के उपसभापति चुनाव में सबसे बड़ा ट्विस्ट फरजाना सईद के खाते में आए 36 वोट रहे। एक दिन पहले हुए मतदान में सभापति (चेयरमैन) निर्वाचित मयंक गोयल को 38 मत मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी फरजाना को दो वोट कम मिलने की चर्चाएं रहीं। जीत के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के शोर व नारेबाजी के बीच जश्न मनाया। इससे पहले मतदान केंद्र पर पार्षदों की एंट्री का सिलसिला पूरे चुनाव में चर्चा का विषय बना रहा। दोपहर 2.30 बजे मतदान शुरू हुआ। सबसे पहले भाजपा के सभी 19 पार्षद एक निर्दलीय पार्षद के साथ पहुंचे। इनके साथ एक कांग्रेस पार्षद भी वोट डालने पहुंचा। इसके बाद नवनिर्वाचित सभापति मयंक गोयल के साथ कांग्रेस व निर्दलीय पार्षदों समेत 35 पार्षद एक साथ एपीआरटीएस पहुंचे। आखिर में कांग्रेस के तीन पार्षद मोईनुद्दीन, गायत्री चौरासिया और रेणू टांक अलग-अलग मतदान करने पहुंचे। 36 वोट मिलते ही जश्न, भाई शाहिद को पहनाई मालाएं : फरजाना सईद की जीत की घोषणा होते ही समर्थकों ने जश्न मनाया। फरजाना के भाई व निर्दलीय पार्षद शाहिद सईद को समर्थकों ने मालाएं पहनाईं। फरजाना ने अपनी जीत का श्रेय भाई शाहिद को दिया। उन्होंने कहा कि महिला उपसभापति के रूप में वह महिला पार्षदों की आवाज बनेंगी। विदित रहे, उपसभापति के लिए सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। भाजपा के ओमप्रकाश पांडे और कांग्रेस से फरजाना सईद ने पर्चा भरा। नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद दोपहर 2.30 बजे मतदान शुरू हुआ। 3.30 बजे फरजाना 13 मतों से चुनाव जीत गई। सभापति चुनाव से 2 वोट ज्यादा की चर्चाओं ने पकड़ा जोर : उपसभापति चुनाव के नतीजे में भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पांडे को पार्टी के सभापति प्रत्याशी की तुलना में दो मत अधिक मिलने का आंकड़ा भी चर्चा में रहा। बता दें, भाजपा के चेयरमैन प्रत्याशी रहे प्रह्लाद सिंह सोलंकी को 21 मत मिले थे। वहीं ओमप्रकाश को 23 मत मिले। मतदान केंद्र पर पार्षदों के अलग-अलग समूहों में पहुंचने और चुनाव परिणाम में सामने आए मतों के अंतर को लेकर नगर परिषद के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज रहीं। ऐसे पहुंचते गए पार्षद ... पहला समूह : भाजपा के 19 पार्षद। कुछ देर बाद एक निर्दलीय व एक कांग्रेस पार्षद। दूसरा समूह : नवनिर्वाचित सभापति मयंक गोयल के साथ कांग्रेस व निर्दलीय सहित 35 पार्षद। अंतिम एंट्री : कांग्रेस के मोईनुद्दीन, गायत्री चौरासिया और रेणू टांक अलग-अलग पहुंचे। नतीजा : कांग्रेस की फरजाना सईद को 36 मत मिले। विपक्षी से 13 मतों के अंतर से उनकी जीत हुई।