चनाना | लोयल गांव की रोही में रणवीर और फूलाराम के खेत से हवासिंह और रामोतार के खेत तक करीब 400 मीटर सड़क अधूरी पड़ी है। ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार ने कंक्रीट डालने के बाद डामरीकरण नहीं कराया और काम छोड़कर चला गया। लगातार वाहनों के आवागमन से यह मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। छोटे वाहनों को नुकसान होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। सड़क पर किसी तरह का प्रतिबंध या संकेत नहीं लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ओर के काश्तकारों के विरोध के कारण डामरीकरण नहीं होने दिया गया। इस मामले में राजेश और संदीप कुमार सहित ग्रामीणों ने झुंझुनूं उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर सड़क का डामरीकरण जल्द कराने की मांग की है।