भरतपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। छह घंटे तक चले अभियान में 11 ट्रेनों की जांच की गई और बिना टिकट यात्रा करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 78 बेटिकट यात्रियों से कुल 52,590 रुपए का जुर्माना वसूला गया। एक अनधिकृत विक्रेता के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक हरिराम महरोलिया के निर्देशन में चले अभियान में सीटीआई ओ.पी. मिश्रा और बीरबल कपूर के नेतृत्व में 10 टिकट चेकिंग स्टाफ तथा उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में आरपीएफ की तीन सदस्यीय टीम शामिल रही। टीम ने प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सघन जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को रेलवे की नई रेलवन (RailOne) ऐप की जानकारी भी दी। यात्रियों को मौके पर ऐप डाउनलोड कराकर ऑनलाइन टिकट बुकिंग और अन्य डिजिटल रेलवे सेवाओं का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बिना टिकट यात्रा और अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।