नौ चौकी पाल से सेवाली मार्ग पर राजसमंद झील की सुरक्षा दीवार करीब एक साल से टूटी पड़ी है। हादसे रोकने के लिए मौके पर लगाई गई अस्थायी बेरिकेडिंग भी लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है। मार्ग घुमावदार और ढलान वाला है। एक तरफ झील की ओर गहरी ढलान होने से रात में जोखिम और बढ़ जाता है। पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोड लाइट नहीं होने से रात में वाहन चालकों को मोड़ और सड़क किनारे की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती। क्षेत्र में पैंथर मूवमेंट भी रहता है, ऐसे में रात के समय आवाजाही और जोखिम भरी हो जाती है। लंबे समय से सुरक्षा दीवार और बेरिकेडिंग की मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने नगर परिषद से टूटी दीवार का पुनर्निर्माण, मजबूत रेलिंग और पर्याप्त रोड लाइट लगाने की मांग की है।