सड़क पर एक मृत बेजुबान के साथ भी इंसानियत नहीं दिखाई गई। शहर में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति मृत जानवर को रस्सी से स्कूटी के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि व्यक्ति स्कूटी चलाते हुए मृत जानवर को पीछे रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीट रहा है। इस दौरान जानवर का शव सड़क पर रगड़ खाता घिसटता जाता दिख रहा है। वीडियो किस स्थान और समय का है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पशु प्रेमी कविता सिंह का कहना है कि यह कृत्य निंदनीय है। पशु क्रूरता अधिनियम में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई। पशु प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन से वीडियो के आधार पर व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी मृत जानवर के साथ भी इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर व्यक्ति की पहचान और घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि होना बाकी है। वीडियो में व्यक्ति कहता दिख रहा है कि उसने निगम कार्मिकों से कई बार कहा लेकिन वह मृत श्वान को उठाने के लिए एक हजार रुपए की मांग कर रहे थे।