भंवरगढ़| थाना क्षेत्र के रामपुरिया गांव में शनिवार शाम करीब पौने 6 बजे हाईवे पर अचानक गोवंश सामने आ जाने से गेहूं व धान से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में बैठे दो जने घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बाल्दा गांव से गेहूं व धान भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली कृषि उपज मंडी बारां जा रही थी। ट्रैक्टर को बाल्दा निवासी विपिन पुत्र मोहनलाल अहीर चला रहा था। हाईवे पर रामपुरिया गांव के पास अचानक गोवंश सामने आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर कर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार बाल्दा निवासी हेमराज (35) पुत्र नारायण सहरिया और जगदीश (35) पुत्र रामचरण सहरिया ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची हाईवे की टीम ने जेसीबी की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को उपचार के लिए बारां भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि एनएच-27 पर यातायात सुचारू रूप से जारी रहा।