भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर आम आदमी पार्टी ने रविवार को कलेक्ट्रेट के सामने महावीर पार्क में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। बैठक में आगामी पंचायत राज चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन भी लिए गए। जिला चुनाव प्रभारी हरकिशन भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं और इच्छुक प्रत्याशियों से कहा कि पार्टी की नीतियां गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाई जाएं। उन्होंने बताया कि पार्टी हर पंचायत समिति और जिला परिषद क्षेत्र में प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। इसके लिए ईमानदार और योग्य लोगों से आगे आने को कहा गया। सम्मेलन में जिले की आठों पंचायत समितियों से पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पद के लिए आवेदन आए। आयोजकों के अनुसार पंचायत समिति सदस्य के लिए 34 और जिला परिषद सदस्य के लिए 9 आवेदन प्राप्त हुए। जिला अध्यक्ष डॉ. हरिमोहन मीना ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने और संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। सवाई माधोपुर विधानसभा प्रभारी विद्या सागर मीणा ने चुनाव पूरी ताकत और एकजुटता के साथ लड़ने की बात कही। विधानसभा सह प्रभारी उमेश कुमार वर्मा ने हर पंचायत में संगठन विस्तार के लिए अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारी और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रभारी भी मौजूद रहे।