भास्कर न्यूज| बारां शहर में मंगलवार को जिला पावर लिफ्टिंग संगम की नई कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न हुए। निर्वाचन अधिकारी लक्ष्य भारद्वाज और सहायक चुनाव अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि खेल एक्ट के अनुसार 4 साल के लिए निर्वाचन कार्यक्रम 24 अगस्त से शुरू हुआ। कुल 14 पदों के लिए आवेदन मांगे गए। जिनमें 3 महिलाएं और 2 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल थे। हर पद पर एक ही आवेदन आया। कुल 14 आवेदन मिले। मतदान की जरूरत नहीं पड़ी। मंगलवार को न्यू नाकोड़ा कॉलोनी स्थित निजी स्कूल में सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव राजस्थान पावर लिफ्टिंग संग के पर्यवेक्षक अशोक ओदिच्य, ललित भट्ट, जिला खेल अधिकारी विशाल सिंह, ओलिंपिक संघ प्रतिनिधि हरिनारायण सिंह की देखरेख में कराए गए। इस दौरान जिला वेट लिफ्टिंग, भारोतोलन संगम और पावर लिफ्टिंग संगम के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए। अतिथियों ने सम्मान किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक गौतम ने कहा कि वह खुद पावर लिफ्टिंग के खिलाड़ी हैं। खिलाड़ियों की पीड़ा समझते हैं। संगम के लोग मिलकर इस खेल को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में सत्यनारायण विजयवर्गीय, बाबूलाल जैन, राजू बेग, प्रेमनारायण चौरसिया आदि मौजूद थे। नई कार्यकारिणी में संरक्षक मुकेश शर्मा, मूलचंद शर्मा, अमित मदान, अध्यक्ष अभिषेक गौतम, उपाध्यक्ष भारत जैन, रिचा वर्मा, भवानीशंकर नागर, सचिव प्रशांत भारद्वाज, ज्वाइंट सेक्रेटरी ओमप्रसाद शर्मा, निशा जोशी, श्रद्धा दाधीच, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, सदस्य कुशलपाल प्रजापति, बलदेव सिंह निर्वाचित घोषित किए गए।