इंडिपेंडेंट म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे सिंगर-राइटर आफताब बाबर ने अपना नया गाना ‘माही’ रिलीज किया है। गाने को मानिक चौधरी ने निर्देशित किया है, जबकि इसमें सालीम सलमानी और पायल प्रजापत मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। गाने का निर्माण आयुष बिश्नोई ने किया है। प्यार, दोस्ती और भावनाओं पर आधारित इस गाने की शूटिंग राजस्थान की अलग-अलग लोकेशंस पर की गई है। आफताब बाबर ने बताया कि वह पिछले करीब 10 सालों से संगीत के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनका ताल्लुक चूरू से है और बीकानेर में रहते हुए उन्होंने कई गानों पर काम किया है। हालांकि पहली बार उन्होंने स्वतंत्र रूप से अपना गाना तैयार किया है।
उन्होंने बताया कि ‘माही’ को भावनाओं, प्यार और दोस्ती को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। यह गाना कहीं न कहीं एक सच्ची कहानी से भी प्रेरित है। आफताब ने कहा कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शायरी और कविताएं लिखने से की थी और धीरे-धीरे संगीत की तरफ बढ़े। अब उन्होंने अपने बचपन के दोस्त आयुष बिश्नोई के साथ नए स्तर पर काम शुरू किया है। अच्छे दोस्त हों तो मुश्किल सफर भी आसान आफताब ने कहा कि जिंदगी में हार-जीत का दौर चलता रहता है, लेकिन अगर आपके पास अच्छे दोस्त हों तो मुश्किल समय भी आसानी से निकल जाता है। इसी सोच को ‘माही’ में भी दिखाने की कोशिश की गई है। गाने की कहानी में रिश्तों, भावनाओं और दोस्ती के अलग-अलग पहलुओं को संगीत और अभिनय के माध्यम से सामने लाया गया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि संगीत के क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से काम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गाने को तैयार करने में पूरी टीम ने काफी मेहनत की है और उन्हें उम्मीद है कि श्रोता इसे पसंद करेंगे।
मॉडलिंग के बाद पायल की संगीत वीडियो में शुरुआत गाने में मुख्य भूमिका निभा रहीं पायल प्रजापत ने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से मॉडलिंग के क्षेत्र में काम कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने काफी संघर्ष किया और लगातार अपने काम को बेहतर बनाने की कोशिश की। फिलहाल वह कई ब्रांड्स के लिए शूट कर रही हैं और सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। पायल ने बताया कि ‘माही’ उनका पहला गाना है, इसलिए वह इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में पूरी टीम ने काफी मेहनत की है और उनके लिए यह अनुभव बेहद खास रहा।
मेकअप आर्टिस्ट से अभिनेता बनने तक का सफर गाने में मुख्य भूमिका निभा रहे सालीम सलमानी के लिए यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले मेकअप और हेयर स्टाइलिंग के क्षेत्र में काम किया है। सालीम ने बताया कि वह पेशेवर मेकअप और हेयर स्टाइलिस्ट हैं। इससे पहले वह बॉलीवुड और पंजाबी गानों की शूटिंग में मेकअप और हेयर स्टाइलिस्ट के तौर पर काम करते रहे हैं। उन्होंने बी प्राक, परमिश वर्मा, गुरनजर और शारिब-तौषी जैसे कलाकारों के साथ मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम किया है। उन्होंने कहा कि जब वह इन कलाकारों के साथ काम करते थे तो उन्हें करीब से देखते थे और उनके मन में भी कलाकार बनने की इच्छा होती थी। इसी बीच प्रोड्यूसर आयुष बिश्नोई का फोन आया और उन्होंने ‘माही’ में मुख्य भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया। सालीम के लिए यह जिंदगी का बड़ा दिन था, जब वह पहली बार अभिनेता के तौर पर दर्शकों के सामने आए। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस गाने के जरिए अभिनय की नई शुरुआत की है और अब उन्हें उम्मीद है कि लोग इस इंडिपेंडेंट गाने को भी अपना प्यार देंगे। बीकानेर की हवेली से जयपुर के परकोटे तक शूटिंग ‘माही’ की शूटिंग राजस्थान के दो प्रमुख शहरों बीकानेर और जयपुर में की गई है। गाने के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को बीकानेर की पारंपरिक हवेलियों में फिल्माया गया। यहां की पुरानी वास्तुकला और राजस्थानी परिवेश को गाने के दृश्यात्मक पक्ष में शामिल किया गया है। इसके बाद टीम ने जयपुर में भी शूटिंग की। परकोटा और वैशाली नगर की कुछ लोकेशंस को गाने के लिए चुना गया। इस तरह गाने में राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत के साथ जयपुर के आधुनिक शहरी परिवेश की झलक भी देखने को मिलती है।