फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की बुधवार सुबह जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जानकारी के अनुसार पायलट ने अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को हाइजैक सिग्नल कोड भेजा था। सिक्योरिटी इंफॉर्मेशन जयपुर एटीसी के साथ शेयर की गई। करीब 45 मिनट बाद प्लेन की जयपुर में लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरते ही अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी जांच के लिए अंदर पहुंचे। फिलहाल विमान में किसी संदिग्ध गतिविधि या जांच के नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान ने 13 अक्टूबर की रात 9:45 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। इसे 14 अक्टूबर की सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन जयपुर डायवर्ट किया गया।