अजमेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के चूड़ी बाजार में खरीदारी करने पहुंची महिला के पर्स से 25 हजार रुपए चोरी हो गए। महिला चूड़ी और राखियां खरीद रही थी, इसी दौरान उसने अपना हैंड पर्स दुकान के काउंटर पर रख दिया। आरोप है कि दो संदिग्ध महिलाओं ने मौका देखकर पर्स से रुपए निकाल लिए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चूड़ी बाजार गई थी महिला सुभाष नगर निवासी सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसकी कपड़ों की दुकान है। वह चूड़ियां और राखियां खरीदने चूड़ी बाजार आई थी। एक दुकान पर चूड़ियां देखते समय उसने अपना काला हैंड पर्स काउंटर पर रख दिया। पर्स के अंदर गुलाबी रंग का छोटा पर्स था, जिसमें 25 हजार रुपए रखे हुए थे। मौका पाकर निकाला छोटा पर्स इसी दौरान दो महिलाएं दुकान पर पहुंचीं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार एक महिला ने अपना बैग सुनीता के पर्स के ऊपर रख दिया। इसके बाद उसने मौका देखकर पर्स की चेन खोली और उसमें रखा 25 हजार रुपए से भरा छोटा पर्स निकाल लिया। वारदात के बाद दोनों महिलाएं वहां से निकल गईं। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज पीड़िता ने दुकान का सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कोतवाली थाने में शिकायत दी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस उनके आने-जाने के रास्ते और अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।