अजमेर विद्युत वितरण निगम में लेखा संवर्ग से जुड़ी समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर ऊर्जा लेखा कर्मचारी संगठन ने प्रबंध निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने निगम में बढ़ते कामकाज और उपभोक्ताओं की संख्या को देखते हुए लेखा शाखा के पदों का पुनर्गठन करने, साल-2018 के बाद खुले नए कार्यालयों में लेखा पद सृजित करने और अजमेर डिस्कॉम में रिक्त 27 लेखाधिकारी पदों को सीधी भर्ती के बजाय पदोन्नति से भरने की मांग की है। संगठन के मीडिया प्रभारी जय प्रकाश सैनी ने बताया- निगम की वित्तीय व्यवस्था, राजस्व वसूली और लेखा संबंधी कार्यों के प्रभावी संचालन में लेखा शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद कई कार्यालयों में आवश्यकता के अनुरूप लेखा पद स्वीकृत नहीं हैं। इससे कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त भार पड़ रहा है और पदोन्नति के अवसर भी प्रभावित हो रहे हैं। 2018 के बाद खुले कार्यालयों में नहीं बने लेखा पद संगठन ने ज्ञापन में बताया- साल- 2018 के बाद निगम में कई नए कार्यालय सृजित किए गए, लेकिन इन कार्यालयों में अभी तक आवश्यक लेखा पदों का सृजन नहीं हुआ है। संगठन की मांग है कि नए कार्यालयों में तत्काल लेखा पद स्वीकृत किए जाए। साथ ही इन पदों को शत-प्रतिशत पदोन्नति के माध्यम से भरे जाने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि इससे एक ओर नए कार्यालयों में लेखा व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कार्मिकों को भी इसका लाभ मिलेगा। बढ़ते काम के हिसाब से पदों का हो पुनर्गठन ज्ञापन में लेखा शाखा के पदों का पुनर्गठन करने की मांग भी रखी गई। संगठन का कहना है कि निगम में उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के साथ राजस्व और वित्तीय कार्य भी लगातार बढ़े हैं। प्रशासनिक विकेंद्रीकरण के कारण कार्यालयों की संख्या और कार्यक्षेत्र में भी विस्तार हुआ है। ऐसे में पुराने पदों के ढांचे के आधार पर काम चलाना मुश्किल हो रहा है। संगठन ने कार्यभार और कार्यालयों की आवश्यकता के आधार पर लेखा संवर्ग के पदों का पुनर्गठन करने की मांग की है। डीपीसी से पद भरने की मांग संगठन ने अजमेर डिस्कॉम में रिक्त चल रहे 27 लेखाधिकारी पदों को लेकर भी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि कार्मिक विभाग के नियमों के अनुसार जिन विभागों में कैडर स्ट्रेंथ 30 या उससे कम है, वहां पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरा जाना चाहिए। इसी आधार पर संगठन ने मांग की है कि लेखाधिकारी के 27 रिक्त पदों को सीधी भर्ती से नहीं भरकर विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) के माध्यम से भरा जाए। संगठन का कहना है कि इससे विभाग में कार्यरत योग्य कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर मिलेगा और लेखा संवर्ग में कैरियर प्रोग्रेशन की समस्या दूर होगी। इस मौके पर संगठन प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह मान, जिलाध्यक्ष जय सिंह नायक, लेखाधिकारी रतन जोशी, सहायक लेखाधिकारी अरविंद सोनी, सचिव पंकज शर्मा, अमर मीना, मुकेश कुमावत, सुंदरलाल, अभिषेक शर्मा, जगदीश पारीक, सुनील ढाका, सुनीता प्रजापत सहित जिले के विभिन्न कार्यालयों की लेखा शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।