भारत-वेस्टइंडीज क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने के मामले में अजमेर की कृष्णागंज थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में खाईवाली कर रहे थे। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, सैमसंग टैबलेट, 7 मोबाइल फोन और जियो एयर वाई-फाई सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं। सीओ शिवम जोशी ने बताया कि मामले में हरीश आसवानी (42) निवासी गौरी नगर, जतिन शाह(53) निवासी नवकार कॉलोनी, फॉयसागर रोड और घनश्याम रंगवानी(47) निवासी अजय नगर को गिरफ्तार किया गया है। जिला स्पेशल टीम को 11 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सीकर रोड स्थित अंसल अपार्टमेंट के सी-ब्लॉक के फ्लैट नंबर 502 में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चल रहा है। सूचना के आधार पर जिला स्पेशल टीम और कृष्णगंज थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी। यहां तीन व्यक्ति भारत-वेस्टइंडीज मैच पर ऑनलाइन सट्टे का हिसाब-किताब करते मिले। पुलिस ने मौके से सट्टे में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण जब्त किए, इनमें एक लैपटॉप मय चार्जर, एक सैमसंग टैबलेट, 7 मोबाइल फोन, 5 मोबाइल चार्जर और एक जियो एयर वाई-फाई मय चार्जर शामिल हैं। इसके अलावा 1,020 रुपए नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में जब्त उपकरणों और सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।