पंचायतीराज चुनाव में मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है। अजमेर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस की ओर से अजमेर के दावेदारों की अधिकृत सूची का इंतजार है। लेकिन पार्टी सीधे आरओ को लिस्ट सौंपेगी। अंतिम दिन कई बड़े नेताओं और दावेदारों के नामांकन दाखिल करने की संभावना है। दावेदार समर्थकों के साथ रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। नामांकन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट आने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे। 14 अक्टूबर को होगी जांच, 15 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का मौका निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। नाम वापसी के बाद ही चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट होगी।