अजमेर रेलवे भर्ती बोर्ड में चीफ ऑफिस सुपरिंटेंडेंट रवि मीणा (32) का 6 दिन पहले किडनैप ससुराल पक्ष ने करवाया था। रेलवे अधिकारी के साले ने बदमाशों के साथ मिलकर किडनैप किया और बहन के साथ चल रहे विवाद में सेटलमेंट के लिए 51 लाख रुपए की डिमांड की। अधिकारी के पिता ने बहू और उसके पीहर वालों पर किडनैपिंग का शक जताया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। पुलिस को पीछे देख आरोपियों ने रेलवे अफसर को बांदीकुई (दौसा) के पास छोड़ दिया और फरार हो गए। पिता ने बहू और उसके परिजनों पर जताया शक
सीओ नॉर्थ शिवम जोशी ने बताया- रेलवे अधिकारी रवि मीणा का 21 अगस्त को किडनैप हो गया था। उनके पिता सामंति मीणा निवासी बांदीकुई ने अजमेर के सिविल लाइंस थाने में 22 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि बेटा रवि मीणा वर्तमान में रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर में मुख्य कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत है। 21 अगस्त की शाम करीब 5.30 बजे रवि रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर से बांदीकुई के लिए रवाना हुआ था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि रवि का उसकी पत्नी सुमित्रा के साथ विवाद चल रहा है। उन्होंने बहू सुमित्रा, उसके भाई महेंद्र पालाराम, छुट्टन मीणा, इंद्राज मीणा, पवन मीणा, रघुनाथ आदि पर शक जताया था। 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, बांदीकुई में छोड़कर भागे आरोपी
सीओ नॉर्थ शिवम जोशी ने बताया- पुलिस ने मामला दर्ज कर टीम बनाई, जिसमें सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभूसिंह शेखावत, बस स्टैंड चौकी प्रभारी मनीराम और कॉन्स्टेबल समित सहारण थे। टीम ने अजमेर से जयपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और गाड़ी की पहचान की। पुलिस टीम ने दौसा के बांदीकुई थाने, दौसा सदर थाने और अलवर जिले के टहला थाने से संपर्क किया और रवि मीणा के आरोपियों से जुड़ी जानकारी दी। जब टीम आरोपियों के पीछे लगी तो वह रवि मीणा को रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। 51 लाख रुपए मांगे, मारपीट की
पीड़ित रवि मीणा ने बताया- मैं 21 अगस्त की शाम को ऑफिस से बाइक लेकर निकला तो बाहर एक कार मेरे सामने आई। कार सवार लोगों ने मुझे टक्कर मारकर गिरा दिया। कार में ड्राइवर सहित 4 लोग सवार थे। 3 आरोपियों ने मुझे जबरन उठाकर गाड़ी में डाल दिया। रास्ते में आरोपियों ने कहा कि साले महेंद्र के कहने पर तुम्हारा किडनैप किया है। इस दौरान पता चला कि पीछे दूसरी गाड़ी में महेंद्र भी चल रहा था। रवि मीणा ने बताया- मेरा पत्नी सुमित्रा के साथ विवाद है, जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। आरोपियों ने मुझसे सेटलमेंट के नाम पर 51 लाख रुपए मांगे। आरोपी मुझे गांव की तरफ जंगल में ले गए। इस दौरान उन लोगों ने मेरे साथ मारपीट भी की। आरोपियों ने अगले दिन मेरी मम्मी से बात कराई और रुपए की व्यवस्था करने का दबाव डाला। इस दौरान साले महेंद्र सहित बाकी आरोपी मुझे गाड़ी में बैठाकर घुमाते रहे। वे मुझे वापस जयपुर के आमेर के पास आंधी ले आए। रवि मीणा ने बताया- आरोपियों ने मुझसे एफिडेवेट लिखवाया कि मैं 51 लाख रुपए दे दूंगा। मेरा किडनैप नहीं हुआ है। मैं मर्जी से साले के साथ आया हूं। इसके बाद आरोपी मुझे बांदीकुई छोड़ने आ रहे थे, लेकिन सामने पुलिस की गाड़ी देख मुझे रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। ………… ये खबर भी पढ़ें… स्पीकर देवनानी पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप:कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; कहा- भाजपा का प्रचार-प्रसार कर रहे अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया है। शहर जिला अध्यक्ष राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शहर के अन्य मुद्दों पर भी नगर निगम के अब तक रहे भाजपा बोर्ड और देवनानी पर भी आरोप लगाया। पूरी खबर पढें