अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में डीआरएम कार्यालय के पास सड़क हादसे में 9वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। छात्र अपनी दो बहनों को बाइक से दवाई दिलाने ले जा रहा था। इस दौरान एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ने से छात्र और उसकी बहन सड़क पर गिर गईं। हादसे में दोनों बहनें भी घायल हो गईं। घटना के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पिता मुकेश ने घायल बेटे और दोनों बेटियों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बेटे यश लहरिया (14) को मृत घोषित कर दिया। दोनों बहनों का अस्पताल में इलाज किया गया। वहीं हादसे की सूचना के बाद सिविल लाइन थाना हॉस्पिटल पहुंची। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक यश का टक्कर लगने के बाद लिवर फट गया था। वह फूस की कोठी इलाके में रहने वाला था और 6 बहनों में इकलौता था। डंपर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज पिता मुकेश ने बताया कि यश अपनी दोनों बहनों को मेडिकल स्टोर से दवाई दिलाने के लिए बाइक से जा रहा था। इस दौरान डीआरएम कार्यालय के पास डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद यश बाइक से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी दोनों बहनों को भी चोटें आई। पिता मुकेश की ओर से सिविल लाइन थाने में शिकायत दी गई है, जिसमें डंपर ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छह बहनों में इकलौता भाई था यश परिजनों के अनुसार यश छह बहनों में इकलौता भाई था। वह सभी बहनों में सबसे छोटा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।