अजमेर में मंगलवार को अपराध से जुड़ी कई घटनाएं और कार्रवाई सामने आईं। कृष्णगंज थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलवर गेट थाना क्षेत्र में ऑटो ड्राइवर के घर और कृष्णगंज थाना क्षेत्र में कपड़े की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई। दुकान में हुई चोरी सीसीटीवी में कैद हो गई। वहीं रोडवेज बस में यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ये सभी खबरें विस्तार से पढ़िए- मारपीट के मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत 2 गिरफ्तार कृष्णगंज थाना पुलिस ने लाठी-डंडों से मारपीट के मामले में हिस्ट्रीशीटर सतनारायण गुर्जर और चौपाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। एएसआई भगवान सिंह ने बताया कि कायड़ निवासी साहिल ने अपने पिता के साथ मारपीट की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करवाया था। मामले में पुलिस पहले प्रहलाद गुर्जर और भरत चारण को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं फरार चल रहे दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। रोडवेज बस में यात्री की तबीयत बिगड़ी भीनाय से अजमेर आ रही रोडवेज बस में एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद ड्राइवर ने बस को सीधे अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर पहुंचा दिया। यात्री रामलाल ने बताया कि वह अपने पिता लक्ष्मीनारायण को दवाई दिलाने अजमेर ला रहा था। रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ने पर ड्राइवर ने बस को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। ऑटो चालक के घर दिनदहाड़े चोरी, जेवर-नकदी ले गए चोर अलवर गेट थाना क्षेत्र के विराट नगर में ऑटो चालक के घर चोरी की वारदात हुई। पीड़ित दुर्गेश ने बताया कि वह रिश्तेदार के यहां फंक्शन में गया था। रात को घर लौटने पर ताले टूटे मिले। चोर घर से ज्वेलरी, 20 हजार रुपए नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर अलवर गेट थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कपड़े की दुकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात कृष्णगंज थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में कपड़े की दुकान के ताले तोड़कर चोरी की गई। दुकानदार शेर सिंह रावत ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले। चोर मंदिर की गुल्लक से 70 हजार रुपए, कैश काउंटर से 1600 रुपए, चांदी का सिक्का और घड़ी चोरी कर ले गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।