अजमेर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की दो वारदात सामने आई हैं। कृष्णगंज थाना क्षेत्र के लोहागल स्थित प्रसिद्ध कालिका माता मंदिर में चोर बोरिंग की करीब 200 फीट लंबी केबल चोरी कर फरार हो गए। वहीं, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भुणाबाय में बंद मकान के ताले तोड़कर चोर करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। प्राचीन कालिका माता मंदिर में चोरी, बोरिंग की 200 फीट केबल ले गए चोर अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र के लोहागल गांव स्थित प्रसिद्ध कालिका माता मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। दो चोर मंदिर परिसर में पहुंचे और बोरिंग के पास लगी करीब 200 फीट लंबी केबल चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुजारी गोपाल सिंह के पुत्र विजेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह उनके पिता मंदिर पहुंचे तो चोरी का पता चला। इसके बाद कृष्णगंज थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। बंद मकान के ताले तोड़े, 6 लाख के जेवरात-सामान चोरी अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भुणाबाय में बंद मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। क्षेत्रवासी कमल सिंह के अनुसार अमरी देवी दिन में अपने घर पर रहती हैं और रात में कुछ दूरी पर स्थित बेटे के घर सोने चली जाती हैं। शुक्रवार सुबह जब अमरी देवी बेटे के घर से अपने मकान पर पहुंचीं तो घर के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर सामान चेक किया तो सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान गायब मिला। चोरी हुए माल की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है।