बारां| सर्व समाज छात्रावास संघर्ष समिति की आवश्यक बैठक रविवार को दीनदयाल पार्क में हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह रहलाई ने की। बैठक में नगर परिषद की ओर से पूर्व में सर्व समाज छात्रावास के लिए आवंटित भूमि का निरस्तीकरण खत्म कर दोबारा आवंटन करने की मांग को लेकर चर्चा हुई। मांग पूरी नहीं होने पर आगामी नगर परिषद चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष विक्रम सिंह रहलाई ने कहा कि पूर्व में नगर परिषद की ओर से सर्व समाज छात्रावास के लिए भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन बाद में इसका निरस्तीकरण कर दिया गया। अब तक भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों की ओर से भूमि का पुन: आवंटन कराने को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है। इससे सर्व समाज में नाराजगी है। मांग पूरी नहीं हुई तो चुनाव में करेंगे बहिष्कार रहलाई ने कहा कि पूर्व में समाजों के लिए जो भूमि आवंटित की गई थी, उसी निर्णय को दोबारा लागू किया जाना चाहिए। यदि शीघ्र ही भूमि आवंटन को लेकर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो सर्व समाज मिलकर नगर परिषद चुनाव का बहिष्कार करेगा। उन्होंने कहा कि समाजों की मांग की अनदेखी करने वाली दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों को चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। बैठक में माली, अहीर, जागीरदार राजपूत, राठी राजपूत, नायक, खटीक, पांचाल, कंडारा, बैरवा, पोरवाल, प्रजापति, मेरोठा, सेन, चौरसिया, मेहरा और शाक्यवाल समाज सहित विभिन्न समाजों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने छात्रावास के लिए भूमि आवंटन की मांग का समर्थन करते हुए मांग पूरी नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी।