अलवर में नगर निकाय चुनाव के टिकटों की घोषणा से पहले भाजपा में टिकट के दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन तेज हो गया है। सोमवार को कंपनी बाग के पास रिवाज रिसोर्ट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शहर के सभी 65 वार्डों से टिकट मांग रहे दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। कई दावेदार 50 से 100 तक कार्यकर्ताओं को साथ लेकर ढोल-नगाड़ों और पार्टी नेताओं के जयकारों के बीच सम्मेलन में पहुंचे। समर्थकों की भीड़ इतनी अधिक रही कि रिवाज रिसोर्ट का बड़ा मीटिंग हॉल भी छोटा पड़ गया और कई कार्यकर्ताओं को बाहर खड़ा रहना पड़ा। देखे 3 फोटोज.. मंच पर वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित अलवर से जुड़े प्रमुख नेता और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। टिकट के दावेदार इस सम्मेलन को अपनी ताकत दिखाने के आखिरी बड़े मौकों के तौर पर देख रहे हैं। भाजपा की ओर से टिकटों को लेकर फाइनल रिपोर्ट जयपुर भेजे जाने के बाद पहली सूची जारी होने की तैयारी है। ऐसे में दावेदार अपने-अपने वार्ड में समर्थन और पकड़ दिखाने में पूरी ताकत लगा रहे हैं। वार्ड नंबर 26 से टिकट के दावेदार किरण कुमार के समर्थन में महिला कार्यकर्ता सपना ने कहा कि वे पूरी ताकत के साथ सम्मेलन में पहुंची हैं और किरण कुमार को जिताने के लिए उनके साथ पूरा समर्थन लेकर आई हैं। वहीं पूर्व पार्षद सुमन चौधरी भी महिलाओं के साथ पहुंचीं और पार्टी नेताओं के जयकारे लगाए। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं है और वह अपनी ताकत दिखाने के लिए हर बार समर्थकों के साथ पहुंचती हैं। भाजपा के भीतर अब सभी की नजरें टिकटों की पहली सूची पर टिकी हैं। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ के जरिए दावेदारों ने पार्टी नेतृत्व को अपने-अपने वार्ड में जमीनी समर्थन का संदेश देने की कोशिश की।