अलवर में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को शहर के भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। राष्ट्रीय महामंत्री और राजस्थान प्रदेश निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कोर कमेटी की बैठक ली। बैठक में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, अलवर प्रभारी रामचरण बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित विभिन्न वार्डों के प्रभारी मौजूद रहे। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा- हरीश द्विवेदी ने प्रत्येक नगर निकाय में भाजपा की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं। संगठन ने बूथ स्तर तक जो काम किया है, उसी के आधार पर पार्टी चुनाव मैदान में उतर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रत्येक वार्ड में जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस के पास उम्मीदवार तक नहीं हैं। क्रॉस वोटिंग के सवाल पर बेढम ने कहा- भाजपा के सिंबल पर जीतने वाले पार्षद क्रॉस वोटिंग नहीं करेंगे। प्रत्याशी को लेकर लेंगे फीडबैक वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने बताया- चुनाव संचालन समितियों में वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। इन समितियों की बैठक निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी ने ली। प्रत्याशियों के पैनल के लिए सर्वे का काम रविवार रात और सोमवार तक पूरा कर लिया जाएगा। संजय शर्मा ने कहा- सर्वे के दौरान केवल संभावित प्रत्याशी से बात की जाएगी। साथ ही आमजन, सामाजिक संगठनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से भी प्रत्याशी को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। प्रत्याशियों का पैनल तैयार करने का काम सोमवार से शुरू होगा। प्रत्येक वार्ड से तीन नामों का पैनल भेजा जाएगा। साथ ही पार्टी कार्यालय में जमा हुए सभी आवेदन फार्मों की फोटो कॉपी भी जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय भेजी जाएगी। टिकट के आवेदन के लिए रही भीड़ इधर, रविवार को भी भाजपा कार्यालय में टिकट के लिए आवेदन जमा कराने वालों की भीड़ रही। पार्टी कार्यालय पर आवेदन लेने और उनकी जांच के लिए अलग से प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो आवेदनों की जांच करने के साथ संबंधित प्रत्याशियों का फीडबैक भी जुटा रहा है।