अलवर नगर निकाय चुनाव को लेकर अलवर में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने के लिए मिनी सचिवालय में वार्डवार अलग-अलग कमरे निर्धारित किए गए हैं। वार्ड नंबर 1 से 13 तक के प्रत्याशी कमरा नंबर 17 से नामांकन फॉर्म लेकर वहीं जमा कर सकते हैं। वार्ड 14 से 26 तक के लिए कमरा नंबर 32, वार्ड 27 से 39 के लिए कमरा नंबर 83, वार्ड 40 से 52 के लिए कमरा नंबर 66 तथा वार्ड 53 से 65 तक के लिए कमरा नंबर 78 निर्धारित किया गया है। इधर, शहर के एससी रिजर्व वार्ड नंबर 11 से पूर्व पार्षद देवेंद्र रसगनिया ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने नामांकन फॉर्म में भाजपा और निर्दलीय दोनों विकल्प भरे हैं। देवेंद्र रसगनिया का कहना है कि भाजपा यदि उन्हें टिकट देती है तो वे पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। देवेंद्र पिछला नगर निकाय चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीतकर पार्षद बने थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बार वे वार्ड 11 से भाजपा का टिकट मांग रहे हैं। भाजपा की सूची जारी होने से पहले ही उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया। उनका कहना है कि 27 अगस्त का उन्होंने मुहूर्त निकलवा रखा था, इसलिए पार्टी की सूची का इंतजार किए बिना नामांकन दाखिल किया है। वहीं, वार्ड नंबर 50 से भी एक महिला प्रत्याशी ने निर्दलीय के रूप में नामांकन फॉर्म दाखिल किया है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही चुनावी मैदान में दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है।