अलवर शहर में दोस्त के रिटायरमेंट प्रोग्राम से लौट रहे रिटायर्ड सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। वे अपने बेटे के साथ बाइक पर थे। अज्ञात वाहन बाइक को पीछे से टक्कर मारते हुए निकला। घायल रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर को अलवर में इलाज के बाद जयपुर लेकर आए, जहां दम तोड़ दिया। बेटे को हल्की चोट लगी है। हादसा सदर थाने के टेल्को सर्किल के पास गुरुवार शाम का है। हादसे में जान गंवाने वाले रिटायर्ड सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर राम खिलाड़ी (60) बड़का गांव के रहने वाले थे। करीब 8 महीने पहले उनका रिटायरमेंट हुआ था। दोस्त के रिटायरमेंट प्रोग्राम से लौट रहे थे मृतक के भांजे शेर सिंह वर्मा ने बताया कि उनके मामा रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर अपने बेटे भीम सिंह के साथ बाइक से किशनगढ़ अपने दोस्त के रिटायरमेंट प्रोग्राम में गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों पिता-पुत्र बाइक से वापस अलवर लौट रहे थे। टेल्को सर्किल के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अलवर के एक निजी हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर में इलाज के दौरान गुरुवार रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।