अलवर जिले के डडीकर गांव में एक किसान के घर के पास झाड़ियों में करीब 15 फीट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों में हलचल हो गई। अजगर घर के बिल्कुल नजदीक झाड़ियों में बैठा था। परिवार के लोगों ने उसे देखा तो स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी। इसके बाद टीम ने सुबह करीब 6 बजे मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। स्नेक रेस्क्यू टीम के हर्ष कुमार ने बताया कि देर रात करीब 10 बजे डडीकर गांव के एक किसान का फोन आया था। किसान ने बताया कि उसके घर के पास झाड़ियों में बड़ा अजगर बैठा है। रात होने के कारण रेस्क्यू करने में परेशानी की आशंका थी, इसलिए टीम सुबह मौके पर पहुंची। सुबह करीब 5 बजे किसान ने दोबारा फोन कर बताया कि अजगर दूसरी झाड़ी में बैठा हुआ है। इसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। इधर-उधर भागने लगा अजगर, टीम ने संभाला मोर्चा हर्ष कुमार के अनुसार, अजगर बड़ा होने के कारण उसे रेस्क्यू करने में कुछ समय लगा। पकड़ने के दौरान वह इधर-उधर भागने लगा, लेकिन टीम ने सावधानी से उसे काबू कर लिया। रेस्क्यू टीम के हर्ष कुमार के साथ आकाश पारीक और तायल सैनी ने अजगर को सुरक्षित पकड़ा। इसके बाद उसे आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर को देखने उमड़े ग्रामीण अजगर के रेस्क्यू के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अजगर को करीब से देखा और उसके साथ फोटो भी खिंचवाए। इस दौरान कुछ महिलाओं ने भी अजगर को हाथ में लेकर देखा और तस्वीरें खिंचवाईं। रेस्क्यू के बाद अजगर को प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। टीम ने सावधानी के साथ पूरे अभियान को पूरा किया।