खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास क्षेत्र के घासोली गांव में खेत में प्याज की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय किसान की मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अलवर जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह मौत हो गई। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार घासोली निवासी महेंद्र गुर्जर (27) अपने खेत में प्याज की फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। छिड़काव के दौरान ही उसे चक्कर आ गए और वह खेत में बेसुध होकर गिर पड़ा। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजन खेत पर पहुंचे, जहां महेंद्र अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसे अलवर जिला हॉस्पिटल लेकर आए। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महेंद्र के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इतनी कम उम्र में परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किशनगढ़बास थाना पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दृष्टया मामला कीटनाशक दवा के संपर्क में आने से जहरीले असर की वजह से तबीयत बिगड़ने का लग रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।