अलवर शहर के कोतवाली थाना इलाके के आर्य नगर में राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर के जज भुवन गोयल के घर हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में अमन कुमार उर्फ नैना पुत्र पप्पूराम, जाति वाल्मीकि, उम्र 23 साल, निवासी भोमिया नगर अखेपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। बरामद सामान में पीतल के बर्तन और नकदी शामिल है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है। केयरटेकर के कोर्ट जाने के बाद सूना था मकान कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि कुछ दिन पहले आर्य नगर स्थित जस्टिस भुवन गोयल के मकान में चोरी की सूचना मिली थी। मकान की देखरेख कर रहे एडवोकेट जगदीश सैनी सुबह करीब 10 बजे कोर्ट स्थित अपने ऑफिस चले गए थे। इस दौरान मकान सूना था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अमन कुमार ने सूना मकान देखकर चोरी की योजना बनाई और मकान में घुस गया। जंगला और कुंडी तोड़कर घर में घुसा पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मकान में प्रवेश करने के लिए जंगला तोड़ने का प्रयास किया और दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद उसने मकान के कमरों में सामान खंगाला। आरोपी को घर में पीतल के बर्तन और नकदी समेत कुछ सामान मिला, जिसे वह चोरी कर ले गया। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अमन कुमार उर्फ नैना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। आगे की पूछताछ जारी SHO दिनेश चंद ने बताया कि आरोपी से आगे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले में जांच जारी है।