अलवर में लगातार तीन दिन बारिश के बाद गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से शहर में कहीं बादल छाए रहे तो कहीं धूप खिली। हालांकि पिछले दिनों हुई बारिश के चलते गर्मी का असर ज्यादा महसूस नहीं हुआ और मौसम सुहावना बना रहा। अलवर में पिछले तीन दिनों से अच्छी बारिश का दौर जारी है, जिससे मानसून की बारिश का कोटा भी लगभग पूरा हो गया है। 27 अगस्त तक अलवर में सामान्य रूप से 434.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 429.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस तरह सामान्य बारिश की तुलना में अब तक महज करीब 1 प्रतिशत की कमी है। अभी भी तेज बारिश का इंतजार हालांकि मानसून का कोटा लगभग पूरा होने के बावजूद जिले को अभी अच्छी और तेज बारिश का इंतजार है। इसकी वजह जिले के कई बांधों का अभी भी खाली पड़ा होना है। अच्छी बारिश होने पर सूखे पड़े बांधों में पानी की आवक बढ़ सकती है, जिससे बांधों में रौनक लौटेगी और आसपास के क्षेत्रों में भी पानी की उपलब्धता बेहतर होगी। बुधवार शाम को भी अलवर शहर में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई थी। बारिश इतनी तेज थी कि शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। आज बूंदाबांदी की संभावना आज भी बारिश के आसार: मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अलवर में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी भी जारी की है। आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 28 और 29 अगस्त को मौसम आंशिक रूप से साफ रह सकता है, जबकि 30 और 31 अगस्त को फिर बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है।