अलवर नगर निगम के पार्षद चुनाव के परिणाम जारी होने के बाद अब मेयर पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज से मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार और बुधवार को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी नामांकन फार्म जमा कर सकेंगे। इसके बाद 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। रिटर्निंग अधिकारी अंबालाल मीणा ने बताया कि मेयर चुनाव को लेकर नगर निगम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को चुनाव संबंधी घोषणा नगर निगम में चस्पा कर दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय में अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 18 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 3 बजे चुनाव चिह्न से संबंधित प्रक्रिया होगी। जिन प्रत्याशियों के सिंबल तय नहीं होंगे, उन्हें उसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 21 सितंबर को मतदान, उसी दिन आएगा परिणाम मेयर पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर निगम परिसर में मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी और मेयर पद के विजेता की घोषणा कर दी जाएगी। आयुक्त के कमरे के बगल वाले दूसरे कमरे के बड़े हॉल में बनेगा बूथ मतदान के लिए नगर निगम आयुक्त के दूसरे नंबर के कमरे में स्थित बड़े हॉल में बूथ स्थापित किया जाएगा। यहां पार्षदों को एक-एक करके प्रवेश करवाकर मतदान कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई है। चुनाव की व्यवस्थाओं का मंगलवार को एडीएम द्वितीय बीना महावर और ASP दीपक कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नगर निगम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और मतदान से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।