अलवर नगर निगम चुनाव के वोटों की काउंटिंग में सभी 65 वार्डों का रिजल्ट आ गया। 65 वार्डों में से BJP 28, कांग्रेस 23, BSP 1 व अन्य ने 13 वार्डों में जीत हासिल की है। अलवर नगर निगम के 65 वार्डों में 344 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था। सभी वार्डों के लिए 9 सितंबर को वोटिंग हुई थी। आज बाबू शोभाराम राजकीय कला कॉलेज में सुबह ठीक 8 बजे काउंटिंग शुरू हुई थी। पहले डाक मत पत्रों की काउंटिंग हुई। उसके बाद 1-25 वार्डों के वोटों की काउंटिंग हुई। इसके बाद बाकी बचे वार्डों की काउंटिंग शुरू हुई और दोपहर करीब 12.30 बजे सभी 65 वार्डों का रिजल्ट आ गया। निगम के 65 वार्डों में से कई में चौंकाने वाले परिणाम भी सामने आए हैं। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने वार्ड 29 में वोट डाला, उस जगह बीजेपी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। राजस्थान सरकार के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के वार्ड 50 में कांग्रेस का प्रत्याशी जीता। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने वार्ड 36 में वोट किया। यहां बीजेपी प्रत्याशी अपूर्वा शर्मा ने जीत हासिल की। बड़े नेताओं में सिर्फ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने जिस वार्ड 65 में वोट किया, वहां से बीजेपी प्रत्याशी ही जीते हैं। देखिए अलवर निगम में किस वार्ड में किसकी जीत–हार