अलवर में शनिवार को 6 पंचायत समितियों की कुल 205 ग्राम पंचायतों में सरपंच व पंच के मतदान के बाद शाम करीब 7 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई। लेकिन कई मतदान केंद्रों पर वोटिंग खत्म होने से कुछ देर पहले हंगामा हो गया। रैणी के बैरेर में प्रत्याशी धरने पर बैठ गए। कठूमर में सांसद संजना जाटव खेडली तर्फ रेला ग्राम पंचायत में फर्जी वोटिंग होने की सूचना पर पहुंची और लोगों के साथ धरने पर बैठ गई। यहां पर ग्रामीणों ने रोड़ जाम कर दिया। अलवर के रैणी के बरेर ग्राम पंचायत में फर्जी वोटिंग के आरोप में सरपंच प्रत्याशी राजेंद्र मीणा अपने समर्थकों के साथ बूथ के बाहर धरने पर बैठ गए। राजेंद्र मीणा ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां पर फर्जी वोटिंग हुई है। प्रत्याशी ने दुबारा मतदान की मांग की है। उन्होंने फर्जी वोटिंग के आरोप लगाते हुए कहा कि गांव का एक युवक बाहर रहता है। जब वो वोट करने आया तो पता चला कि उसका वोट पहले ही डल चुका है। खेडली तरफ रेला ग्राम पंचायत में प्रत्याशी के बेटे के साथ पुलिस की ओर से अभ्रद व्यवहार होने के आरोप लगे है। सरपंच प्रत्याशी महेश चंद की मां सुभाष देवी के भी सिर में पुलिस द्वारा लाठी मारने के आरोप है। जिसको लेकर यहां पर विरोध शुरू हो गया। ग्रामीण पुलिस पर कार्यवाही की मांग कर रहे है। सांसद संजना जाटव मौके पर पहुंचीं खेडली तरफ रेला ग्राम पंचायत में ग्रामीणों के धरने पर बैठने के बाद सांसद संजना जाटव मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की। सांसद जाटव ने कलेक्टर से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। ग्रामीण दोबारा रिपोलिंग की मांग कर रहे है। जिसके लिए कलेक्टर ने मना कर दिया और जांच के आदेश दिए है।