अलवर में स्कूल प्रिंसिपल पर एक टेलर ने कैंची से वार कर दिया। कपड़े काटने वाले इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से उंगली काट दी। दोनों के बीच स्कूल यूनिफार्म की खराब क्वालिटी को लेकर झगड़ा हुआ था। मामला इतना बढ़ा कि टेलर ने प्रिंसिपल पर हमला कर दिया। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है। घायल को जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। गोदाम पर बात करने बुलाया, फिर हमला किया पुलिस के अनुसार- वैशाली नगर स्थित एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल हेमसिंह राजपूत ने काशीराम चौराहे पर रहने वाले टेलर राकेश शर्मा को स्कूल यूनिफॉर्म सिलने का ठेका दिया था। यूनिफॉर्म के कपड़े की खराब क्वालिटी होने पर प्रिंसिपल ने नाराजगी जताई। इस पर टेलर ने उन्हें बात करने के लिए वैशाली नगर स्थित अपने गोदाम पर बुलाया। गोदाम पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। बहस बढ़ते ही आपा खो चुके टेलर ने पास रखी भारी कैंची से प्रिंसिपल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। प्रिंसिपल ने जब खुद को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने कटर ग्राइंडर चला दिया। बीच-बचाव में हेमसिंह का हाथ ग्राइंडर की चपेट में आ गया और उनकी ऊंगली कटकर अलग हो गई। पुलिस ने दर्ज किया मामला चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ प्रिंसिपल को तुरंत अलवर जिला हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रिंसिपल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर टेलर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।