अलवर में पिता ने बेटी-बेटे को जहर दे दिया और खुद भी जहर खा लिया। जिसके बाद पिता मोहित (35) और बेटे विवान (6) की मौत हो गई। वहीं साढ़े 3 साल की बेटी कृषा की हालत गंभीर है। घटना सदर पुलिस थाना क्षेत्र में ‘अपना घर शालीमार’ आवासीय सोसायटी में रविवार देर रात हुई। मोहित के साले राहुल ने बताया- करीब दो साल पहले उसकी बहन की अचानक मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से जीजा मोहित मानसिक तनाव में रहने लगे थे। जीजा मोहित ने रविवार रात मुझे मैसेज किया। मैसेज में लिखा था- ‘वी आर गोइंग’ यानी - हम जा रहे हैं। मैंने मैसेज देखकर जीजा मोहित से पूछा कि ‘कहां जा रहे हो?’ इस पर मोहित ने जवाब दिया- ‘ऊपर।’ मैसेज पढ़ते ही मुझे अनहोनी की आशंका हुई। मैं तुरंत शालीमार स्थित मोहित के फ्लैट पर पहुंच गया। फ्लैट में अचेत मिले पिता और बच्चे, बोले- बच्चों को बचा लो राहुल के अनुसार- जब मैं फ्लैट पर पहुंचा तो मोहित और उनके दोनों बच्चे अचेत हालत में पड़े थे। मोहित की हालत गंभीर थी। राहुल ने बताया- उस समय मोहित कुछ बड़बड़ा रहे थे। उन्होंने मुझसे कहा- दोनों बच्चों को बचा लो। इसके बाद मैंने तीनों को संभाला और देर रात जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोहित और बेटे विवान को मृत घोषित कर दिया। साढ़े 3 वर्षीय बेटी को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सदर थाना SHO विजेंद्र ने बताया- दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करा दिया है। बच्ची का इलाज चल रहा है। घटना की जांच की जा रही है। साले राहुल ने बताया- जीजा मोहित करीब एक साल पहले परिवार के साथ अलवर आए थे। वे यहां शालीमार आवासीय सोसायटी में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। इससे पहले वो परिवार के साथ जोधपुर में रहते थे और बीएसएनएल कंपनी में काम करते थे। 3-4 महीने से डिप्रेशन में था मोहित राहुल ने बताया- मेरी बहन की मौत के बाद करीब 3-4 महीने से जीजा मोहित का डिप्रेशन बढ़ गया था। परिवार के लोगों ने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन वे इससे बाहर नहीं निकल पा रहे थे। हालांकि बच्चों को जहर देने और खुद जहर खाने की तत्काल वजह क्या रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ये खबर भी पढ़ें… पत्नी और 3 बेटियों को पहले जहर दिया,फिर सिर कुचला:आरोपी मोबाइल बंद कर घर छोड़ गया, कर्ज में डूबे होने के चलते मर्डर की आशंका जयपुर के करधनी इलाके में पति ने पत्नी और 3 बेटियों का पत्थर से सिर कुचलने से पहले खाने में जहर दिया था। पुलिस की जांच में अब तक सामने आया है कि आरोपी पति ने हत्या प्री प्लान बनाकर की। (पूरी खबर पढ़ें)