अलवर में सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा गांव के पास गुरुवार सुबह सब्जी मंडी जा रहा एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार युवक राहुल प्रजापत (26) की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। राहुल की शादी महज एक साल पहले ही हुई थी। कुत्ते को बचाने के चक्कर में बिगड़ा बैलेंस जानकारी के अनुसार मालाखेड़ा क्षेत्र के बालेटा गांव निवासी राहुल प्रजापत अपने पिता रघुवीर प्रजापत के साथ टैंपो में सब्जियां लेकर मंडी आ रहा था। बुर्जा गांव के समीप अचानक टेंपो के सामने एक कुत्ता आ गया। उसे देखने के लिए टेंपो का दरवाजा खोल दिया। इसी दौरान चालक का टेंपो से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क पर ही पलट गया। टेंपो के नीचे दबा राहुल, मौके पर ही थमीं सांसें राहुल टेंपो के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास बैठे उसके पिता रघुवीर को भी गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि राहुल अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।