अलवर में सुबह करीब साढ़े 10 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई है। करीब डेढ़ घंटे हुई अच्छी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। अलवर सहित आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो रही है। सुबह से ही शहर में घने बादल छाए हुए थे। जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ था। तेज बारिश के चलते अलवर के 9 में से 5 सूखे बांधों में पानी की आवक होने की उम्मीद है। सोमवार को भी कई घंटे रिमझिम बारिश हुई। मौजूदा मौसम को देखते हुए आज भी जिले में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। किसानों की चिंता बढ़ी, प्याज की बुआई पर असर जिले के अहमदपुर, अकबरपुर, नटनी का बारा समेत ग्रामीण इलाकों में इन दिनों अच्छी से मध्यम बारिश हो रही है। बारिश के बीच किसान प्याज की फसल की बुआई में जुटे हैं। हालांकि, रिमझिम बारिश प्याज की फसल के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन तेज बारिश किसानों की मेहनत पर पानी फेर सकती है। अलवर जिले के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में इस समय प्याज की बुआई का काम चल रहा है। ऐसे में लगातार हो रही बारिश से किसानों को एक ओर जहां राहत मिली है, वहीं तेज बारिश को लेकर चिंता भी बनी हुई है। किसानों के मुताबिक, हल्की और रिमझिम बारिश से खेत में नमी बनी रहती है, जिससे प्याज की बुआई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। लेकिन यदि बारिश तेज होती है तो खेत की ऊपरी मिट्टी बह या हट सकती है। इससे प्याज के बीज प्रभावित होने के साथ बुआई को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इस सप्ताह कैसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार 25 से 28 अगस्त तक अलवर में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। 25 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री, 26 अगस्त को 33 डिग्री और 27-28 अगस्त को करीब 32 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं 29 और 30 अगस्त को मौसम आंशिक रूप से साफ रहने तथा तापमान करीब 34 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। बारिश की कमी पूरी होने की उम्मीद अलवर में अब तक 424.9 मिमी सामान्य बारिश होनी चाहिए थी, जबकि इस सीजन में अभी तक 382.2 मिमी बारिश दर्ज हुई है। यानी जिले में सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि जिस तरह पिछले कुछ दिनों से मौसम बना हुआ है और बारिश का दौर जारी है, उससे आने वाले दिनों में बारिश की कमी पूरी होने की उम्मीद है।