अलवर में एक महिला ने अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ मिलकर पति की पिटाई कर दी। आरोपियों पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने, धमकी देने और अलमारी से 50 हजार रुपए निकालने का आरोप लगा है। पति ने कोर्ट इस्तगासे के जरिए पत्नी समेत 8 नामजद और 3 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के महताब सिंह का नोहरा इलाके का है। 12 साल से चल रहा था विवाद, 2005 में हुई थी शादी पीड़ित राकेश कुमार ने बताया कि उसकी शादी 2005 में अमिता के साथ हुई थी। पिछले करीब 12 सालों से दोनों के वैवाहिक संबंध सही नहीं हैं। राकेश का आरोप है कि अमिता आए दिन घर में गाली-गलौच, मारपीट करती है और पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकियां देती रहती है। परिवाद के अनुसार- 28 जुलाई की शाम 5 बजे राकेश अपनी दोनों बेटियों के साथ घर के बाहर खड़ा था। तभी पत्नी ने अकारण गाली-गलौच शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने लकड़ी के डंडे से राकेश की पीठ पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने आई दोनों बेटियों और बुजुर्ग माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई। 30 जुलाई की शाम पत्नी तीन महिलाओं को लेकर फिर झगड़ने पहुंची। राकेश शिकायत लेकर कोतवाली थाने गया, तो आरोपी भी पीछे-पीछे थाने पहुंच गए और वहीं पुलिस के सामने ही उसे डराने-धमकाने लगे। इसके बाद रात 9:30 बजे जैसे ही राकेश घर पहुंचा, पत्नी अपने भाई निरंजन, महेन्द्र सिंह सोलंकी, किशोरी, प्यारेलाल, सीताराम, भगवती देवी और 3 अज्ञात महिलाओं के साथ जबरन घर में घुस आई। आरोपियों ने राकेश को चप्पलों से पीटा और बेटी गुंजन व बुजुर्ग माता-पिता के साथ बुरी तरह मारपीट की। कोतवाली पुलिस ने घर में अवैध प्रवेश, मारपीट, चोरी और धमकी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।