बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना क्षेत्र के वडलीपाड़ा मानजी गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गांव के ही एक युवक ने घर के बाहर खड़े पीड़ित के सिर पर लोहे के सरिए से वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उसे तुरंत महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल लाया गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। ​8 टांके आए, हालत गंभीर ​एमजी हॉस्पिटल के डॉक्टर हर्ष चौधरी ने बताया कि घायल युवक के सिर में खोपड़ी के ऊपर वाली चमड़ी फट गई है, जिससे वहां गहरा घाव हो गया है। डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए करीब 8 टांके लगाए हैं और फिलहाल उसका इलाज जारी है। घर के बाहर हुआ हमला ​घटना के संबंध में आंबापुरा थाने के एएसआई प्रकाश पाटीदार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सुबह वडलीपाड़ा निवासी अनिल पुत्र सुखलाल गांव के ही युवक विनोद के घर के पास खड़ा था। विनोद गुजरात के सूरत में मजदूरी करता है, वह सुबह ही वहां घर आया है। अनिल को घर के बाहर देख विनोद ने आवेश में आकर उस पर हमला कर दिया। हालांकि, हमले का स्पष्ट कारण अभी पूरी तरह सामने नहीं आ पाया है। किसी पक्ष की और से पुलिस को रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई हैं।