पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ अब क्रिकेट में वापसी कर सकती हैं। अनाया का जन्म एक लड़के के तौर पर हुआ था। उनका नाम आर्यन था। उन्होंने बाद में सर्जरी और हार्मोन रिप्लेसमेंट के जरिए खुद को लड़की बना लिया और अपना नाम अनाया रख लिया। जेंडर बदलवाने के कारण उन्हें खेल से बाहर होना पड़ा था। अब अनाया भारत में न सही ऑस्ट्रेलिया जाकर दोबारा क्रिकेट खेल सकती हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने उन्हें अपनी ट्रांसजेंडर पॉलिसी के तहत ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट खेलने की अनुमति दी है। CA के फैसले के मुताबिक अनाया मार्च 2027 से एलीट महिला क्रिकेट खेल सकती हैं। हालांकि, CA की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया की लीग विमेंस बिग बैश की किसी टीम में कॉन्ट्रैक्ट मिल गया है। हार्मोन थेरेपी और सर्जरी के बाद क्रिकेट में वापसी अनाया ने जेंडर ट्रांजिशन की प्रक्रिया के दौरान हार्मोन थेरेपी कराई और मार्च 2026 में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट में वापसी के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से संपर्क किया। CA ने उनके मामले की समीक्षा के बाद उन्हें फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेलने की अनुमति दी है। मार्च 2027 से एलीट क्रिकेट के लिए शर्त पूरी करनी होगी विमेंस बिग बैश टूर्नामेंट में खेलने के लिए अनाया को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल शर्तों को पूरा करना होगा। CA के मुताबिक उनकी पात्रता इस बात पर निर्भर होगी कि ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर उनके ब्लड टेस्ट में सीरम टेस्टोस्टेरोन 10 nmol/L से कम हो और वे पॉलिसी की बाकी शर्तों को भी पूरा करती रहें। टेस्टोस्टेरोन मेल हार्मोन है। हालांकि, महिलाओं में इसकी मौजूदगी होती है लेकिन मात्रा पुरुषों की तुलना में काफी कम होता है। अनाया बोलीं- एक समय लगा था क्रिकेट हमेशा के लिए खो दिया अनाया ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले को अपने लिए बेहद भावुक पल बताया। उन्होंने कहा कि एक समय उन्हें सच में लगने लगा था कि वे शायद दोबारा क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी। उन्होंने कहा कि बचपन से क्रिकेट उनकी पहचान का अहम हिस्सा रहा है। ट्रांजिशन के बाद क्रिकेट से दूर होना उनके लिए सबसे मुश्किल अनुभवों में से एक था। अनाया के मुताबिक, यह सिर्फ किसी महिला लीग में शामिल होने का मामला नहीं है, बल्कि उस खेल में वापस लौटने का मौका है, जिससे वे बचपन से प्यार करती हैं। मुंबई अंडर-19 क्रिकेट खेल चुकी हैं अनाया इससे पहले मुंबई की एज-ग्रुप क्रिकेट में खेल चुकी हैं। उन्होंने मुंबई अंडर-19 स्तर पर क्रिकेट खेला था और उस दौर में सरफराज खान और उनके भाई मुशीर खान जैसे खिलाड़ियों के साथ भी खेल चुकी हैं। भारत में महिला क्रिकेट खेलने का रास्ता स्पष्ट नहीं भारत में ट्रांसजेंडर महिलाओं के महिला क्रिकेट में खेलने को लेकर BCCI की स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है। दूसरी ओर, ICC ने 2023 में पुरुष यौवन से गुजर चुके ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को एलीट महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने से रोकने की नीति अपनाई थी।
____________________________ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… श्रीलंका को फॉलोऑन बचाने के लिए 37 रन चाहिए:भारत के स्कोर से 238 रन पीछे, 2 विकेट बचे; कोलंबो टेस्ट का चौथा दिन आज भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है। बुधवार को मैच का चौथा दिन है। श्रीलंका पहली पारी में 265/8 के स्कोर से आगे खेलेगा। वह भारत के पहली पारी के स्कोर 503/9 से 238 रन पीछे है। पूरी खबर