पुरानी आबादी स्थित श्री कृष्ण मंदिर के 48वें वार्षिकोत्सव और नौ दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन व भंडारे के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ का सामूहिक जाप किया व खुशहाली की कामना की। मुख्य पुजारी पंडित रामस्वरूप शर्मा के सान्निध्य में 9 यजमानों ने सपत्नीक हवन में आहुतियां दीं। मंदिर अध्यक्ष वेदप्रकाश कालड़ा ने बताया कि इससे पहले शनिवार रात खाटूश्यामजी का अर्द्धरात्रि जागरण हुआ। इसमें भजन गायक विक्की शर्मा व पवन चलाना एंड पार्टी ने श्याम बाबा का गुणगान किया। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। बाबा के दरबार में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। संस्था के सचिव राजकुमार कालड़ा के अनुसार नौ दिवसीय महोत्सव में जन्माष्टमी, दही हांडी, कलश यात्रा, भागवत कथा के आयोजन हुए।