अरनोद पुलिस ने नशा तस्करी के आरोपी जाहिद खान की तस्करी से कमाई करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज की है। फ्रीज की गई संपत्तियों में बेडमा गांव में स्थित एक आलीशान मकान, फार्म हाउस, गोट फार्म और एक केटा कार शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जाहिद खान के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ के तहत वित्तीय जांच की गई थी। इसके बाद संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी और प्रशासक, सफेमा नई दिल्ली को भेजा गया। 24 सितंबर को आदेश जारी होने के बाद पुलिस ने इन संपत्तियों पर फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर कार्रवाई पूरी की। जांच में पता चला कि आरोपी ने ब्राउन शुगर, डोडाचूरा और अफीम की तस्करी से अवैध कमाई कर ये संपत्तियां बनाई थीं। इनमें मकान की अनुमानित कीमत 85 लाख रुपए, फार्म हाउस और गोट फार्म की कीमत करीब 90 लाख रुपए और क्रेटा कार की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी जाहिद खान साल 2011 से मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने कहा है कि आपराधिक गतिविधियों से कमाई गई अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।