अरनोद क्षेत्र में रविवार शाम फरेडी फंटा के पास निजी बस और ऑल्टो कार की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के भंवराई थाना रिंगनोद-जावरा निवासी सुनील जासवाल और उनकी सास सेती पिपलियाखेड़ा निवासी विधाबाई जासवाल के रूप में हुई है। हादसे में सुनील जासवाल की पत्नी प्रियंका जासवाल और उनके दो छोटे बच्चे, एक बेटा और एक बेटी, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी तेज कि कार का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस और कार के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार देवेंद्र चौधरी, अरनोद थाना अधिकारी, रतलाम थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को तत्काल अरनोद अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।