डूंगरपुर जिले की आसपुर पंचायत समिति के सरपंचों ने विकास अधिकारी की कार्यशैली के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सरपंच संघ आसपुर ने विकास कार्यों के ठप होने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की है। सरपंच संघ आसपुर के अध्यक्ष प्रकाश मीणा ने बताया कि पंचायत समिति की अधिकांश पंचायतों की आईडी बंद पड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी किसी पंचायत की आईडी चालू की जाती है तो किसी की बंद कर दी जाती है, जिससे ऑनलाइन कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। सरपंचों ने गिनाई परेशानियां मीणा ने यह भी बताया कि विकास अधिकारी द्वारा एक ही दिन में पंचायतों के VDO के दो-दो तबादला आदेश जारी किए जा रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा सरकार द्वारा लगाए जा रहे शिविरों में संबंधित अधिकारी उपस्थित नहीं होते, जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरपंचों ने आरोप लगाया कि पंचायतों में प्रस्तावित नए कार्यों की स्वीकृति नहीं मिल रही है। साथ ही, 10 हजार रुपए से ज्यादा का कोई भी भुगतान नहीं हो पा रहा है, जिससे विकास कार्य पूरी तरह रुक गए हैं। सरपंचों ने बताया कि इस स्थिति से न केवल सरपंच बल्कि आम जनता भी परेशान है। उन्होंने जिला कलेक्टर से आसपुर पंचायत समिति के वर्तमान विकास अधिकारी को हटाकर नए अधिकारी की नियुक्ति की मांग की है।