डीग में 13 साल के जुड़वां भाइयों की गला काटकर हत्या कर दी। दोनों बच्चों के शरीर पर जगह-जगह कट के निशान मिले हैं। मंगलवार सुबह घर के पास के प्लॉट में दोनों के शव ​पड़े मिले। आसपास खून भी था। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। हत्या के पीछे क्या कारण रहा, पुलिस इसकी जांच कर रही है। एसपी कांबले एस. गोपीनाथ ने बताया- बडेसरा गांव निवासी विनय चौधरी और विष्णु चौधरी की हत्या की गई है। बच्चों के सिर पर भी चोट मारी गई है। उनके पिता निरंजन सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। दोनों भाई मां प्रीति के साथ नाना घनश्याम चौधरी के घर में रह रहे थे। घटनाक्रम से जुड़े 2 फोटो देखिए... घर के पास ही प्लॉट में मिले शव मौसी अनिता ने बताया कि दोनों बच्चे सुबह 6 बजे घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं आए तो उनको ढूंढा गया। इस दौरान पास के ही प्लॉट में दोनों के शव पड़े मिले। 4 भाई-बहनों में सबसे छोटे थे प्रीति की शादी 20 साल पहले सरोथ मनसा हाथरस, उत्तरप्रदेश निवासी निरंजन सिंह से हुई थी। इनके 4 बच्चे थे, सबसे बड़ी बेटी 18 साल, दूसरे नंबर का बेटा 15 साल, फिर ये दोनों जुड़वां भाई थे।