बाली पुलिस ने बिजली अधिनियम के मामले में पिछले चार साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिजली उपकरण चोरी और नकबजनी की कई वारदातों में वांछित था। पुलिस ने पिंडवाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर उसे पकड़ा। एसपी मोनिका सेन के निर्देशन में वांछित अपराधियों और स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली किशोरसिंह और वृत्ताधिकारी बाली रतनाराम देवासी के सुपरविजन में थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। लेबर ठेकेदार बनकर पुलिस ने की रेकी पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आरोपी मगरा क्षेत्र का रहने वाला होने के कारण पुलिसकर्मियों ने लेबर ठेकेदार बनकर क्षेत्र में रेकी की और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। सूचना पुख्ता होने के बाद पुलिस टीम ने पिंडवाड़ा क्षेत्र में दबिश दी। यहां से भारमल पुत्र हिन्दुराम गरासिया, निवासी बारला ओड़ा, थाना पिंडवाड़ा, जिला सिरोही को गिरफ्तार कर लिया गया। 6 मामलों में दर्ज है आरोपी का नाम पुलिस के अनुसार भारमल के खिलाफ कुल 6 प्रकरण दर्ज हैं। वह बिजली उपकरण चोरी और नकबजनी की वारदातों में वांछित था। पुलिस ने उसे आदतन अपराधी बताया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और उसकी आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।