बालोतरा पुलिस ने डोडा-पोस्त से भरी स्कार्पियो का पीछा कर उसे घेरकर रोक लिया। पुलिस ने वाहन की सीटें खोलकर प्लास्टिक कट्टों में छिपाकर रखा 1 क्विंटल 80 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 27 लाख रुपए बताई गई है। स्कार्पियो में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 2 मैगजीन, पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने स्कार्पियो जब्त कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपियों से डोडा-पोस्त की सप्लाई और नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई गुरुवार देर रातधोरीमन्ना थाना इलाके में की गई। हाईवे से रामजी की गोल की तरफ जा रही थी स्कार्पियो पुलिस के अनुसार, डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि डोडा-पोस्त से भरी स्कार्पियो हाईवे से रामजी की गोल की तरफ जा रही है। गुरुवार देर शाम डीएसटी टीम ने धोरीमन्ना पुलिस के साथ मिलकर वाहन का पीछा किया। रामजी की गोल के पास पुलिस ने स्कार्पियो को घेरकर रुकवाया। इसके बाद उसमें सवार दो युवकों को डिटेन किया गया। सीटें खोलकर प्लास्टिक कट्टों में भरा था डोडा-पोस्त स्कार्पियो की तलाशी लेने पर सीटें खोलकर उनमें प्लास्टिक के कट्टे भरे हुए मिले। इन कट्टों में डोडा-पोस्त रखा था। पुलिस टीम ने वाहन से कुल 1 क्विंटल 80 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया। इसके साथ ही 2 मैगजीन, पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने आरोपियों की पहचान दिनेश पुत्र बाबूलाल मंडा निवासी भूनिया, धनाऊ, बाड़मेर और मनोहर पुत्र भिखाराम निवासी आगोर, चौहटन, थाना चौहटन के रूप में की है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में केस पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों से डोडा-पोस्त की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि डोडा-पोस्त की सप्लाई कहां की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।