बालोतरा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को मनाई गई। इस मौके पर विधायक डॉ. अरुण चौधरी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गांधीजी और शास्त्रीजी के राष्ट्र निर्माण में दिए योगदान को याद किया। विधायक बोले- महात्मा गांधी के विचार एकता और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं विधायक डॉ. चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और शांति के रास्ते पर चलकर देश को आजादी दिलाई। उनके विचार आज भी समाज को एकता और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। गांधीजी का जीवन सिखाता है कि सत्य और अहिंसा से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री को किया नमन उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को भी नमन किया। डॉ. चौधरी ने कहा कि शास्त्रीजी का सादा जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने 'जय जवान, जय किसान' का संदेश देकर जवानों और किसानों को सम्मान दिया। शास्त्रीजी ने अपने व्यवहार से सादगी और जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा-महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, वहीं शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जयंती हमें स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और अहिंसा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है, जबकि शास्त्री जयंती देश के प्रति समर्पण, श्रम के सम्मान और आत्मनिर्भरता के महत्व का संदेश देती है। दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक, शांतिपूर्ण और विकसित समाज की स्थापना की जा सकती है। ये रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद सभापति योगेश गहलोत, उप सभापति कांतिलाल हुंडिया, आयुक्त आशुतोष आचार्य उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।