बालोतरा पुलिस ने 24 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस उससे स्मैक की खरीद-फरोख्त और सप्लायर नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को देखकर भागने लगा युवक एसपी राजेश कुमार कॉवत ने बताया - बालोतरा एसआई अमराराम अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान टीम आईनाथ गौशाला के पास पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास से 24 ग्राम स्मैक मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान मुकेश घांची पुत्र रूपाराम निवासी होली का चौक, जसोल, जिला बालोतरा के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त, उसे सप्लाई करने वालों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।