बालोतरा में तस्करों द्वारा चोरी की लग्जरी कारों का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है। डीएसटी और डीसीआरबी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रामजी का गोल इलाके में फॉर्च्यूनर समेत चार लग्जरी कारें जब्त की हैं। इन वाहनों की सीटें हटाकर मादक पदार्थ छिपाकर ले जाने की तैयारी की गई थी। टीम ने एक फॉर्च्यूनर से 30 किलो डोडा-पोस्त भी बरामद किया। कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है। संदिग्ध वाहनों की सूचना पर पहुंची टीम डीएसटी प्रभारी आईदानराम के अनुसार, डीसीआरबी को सूचना मिली थी कि रामजी का गोल की भगवती कॉलोनी स्थित एक मकान में बिना नंबर की कई संदिग्ध गाड़ियां खड़ी हैं। इनके चोरी की होने की आशंका जताई गई थी। सूचना पर डीएसटी और डीसीआरबी की टीमें भगवती कॉलोनी पहुंचीं। टीम एक सफेद रंग के मकान के पास पहुंची तो मकान के अंदर से दो फॉर्च्यूनर और एक क्रेटा बाहर निकलती दिखाई दी। वहीं एक स्विफ्ट और एक क्रेटा मकान के अंदर खड़ी मिली। वाहनों का पीछा किया, टायर फटने से रुकी फॉर्च्यूनर टीम ने दो वाहनों की निगरानी के लिए एक कांस्टेबल को तैनात किया और बाकी तीन वाहनों का पीछा शुरू किया। एक फॉर्च्यूनर और एक क्रेटा धोरीमन्ना की ओर निकल गईं, जबकि दूसरी फॉर्च्यूनर को गांधव की दिशा में ले जाया जा रहा था। टीम ने पीछा किया तो बेरीगांव गांव के पास फॉर्च्यूनर का टायर फट गया। जिससे गाड़ी रुक गई। ड्राइवर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। उसकी पहचान गणपतराम पुत्र पप्पूराम निवासी माणकी, धोरीमन्ना के रूप में हुई। आरोपी सड़क किनारे खड़ी फसलों का फायदा उठाकर फरार हो गया। सीटें हटाकर रखे थे प्लास्टिक के कट्टे पुलिस ने फॉर्च्यूनर की तलाशी ली तो पीछे की सीटें हटाई हुई मिलीं। सीटों की जगह प्लास्टिक के दो कट्टे रखे हुए थे, जिनमें 30 किलो डोडा-पोस्त मिला। फॉर्च्यूनर के आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। दोनों तरफ लाल रंग की अस्थायी नंबर प्लेट लगी थी, जिस पर ‘एप्लाई फॉर रजिस्ट्रेशन’ अंकित था। कार के चेसिस और इंजन नंबर भी घिसे हुए मिले। मकान पर दोबारा दबिश, तीन और वाहन मिले इसके बाद टीम ने भगवती कॉलोनी में प्रकाश पुत्र रामूराम निवासी बाछला, सेड़वा के मकान पर दोबारा दबिश दी। वहां निगरानी में रखी गई एक क्रेटा और स्विफ्ट कार मिली। पास के एक खाली प्लॉट में टाटा हैरियर भी खड़ी मिली। उसकी पीछे की सीटें भी हटाई हुई थीं। वाहन के चेसिस और इंजन नंबर घिसे हुए मिले। तस्करी में इस्तेमाल होने का अंदेशा पुलिस टीम को प्रथम दृष्टया इन वाहनों का इस्तेमाल अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में किए जाने का अंदेशा है। टीम ने चारों वाहनों को जब्त कर लिया। तलाशी के दौरान कई नंबर प्लेटें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही वाहन चोरी के नेटवर्क और वाहनों को तस्करी में इस्तेमाल करने वाले लोगों के संबंध में जांच की जा रही है। इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी आईदानराम, डीसीआरबी एएसआई गोमाराम, हेड कांस्टेबल मोहनराम, मांगूसिंह, जगदीश प्रसाद, धर्मेंद्रसिंह और मुकेश मीणा तथा सिणधरी थाने के कांस्टेबल उदाराम शामिल रहे। वहीं गुड़ामालानी थाने के एसआई दुर्गाराम, हेड कांस्टेबल जींवाराम, कांस्टेबल जगाराम, कुंभाराम और श्रवण कुमार भी टीम के साथ रहे।