बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना क्षेत्र के सुरवानिया महेशपुरा गांव में खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से 44 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए ASI गजराज सिंह ने बताया- मृतक मोती (44) पुत्र नारजी पारगी निवासी सुरवानिया महेशपुरा अपने घर से निकला था। उसके घर के सामने ही बिजली का पोल लगा हुआ है, जिस पर लोहे का सपोर्ट दिया गया था। जैसे ही मोती उस सपोर्ट के संपर्क में आया, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट से गई जान घटना के तुरंत बाद परिजन गंभीर हालत में मोती को महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। एसआई गजराज सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना ही सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी।